नई दिल्ली: महज 21 साल की उम्र में अनूप्रिया नागर ने ऐसा काम कर दिखाया है, जिसने फिल्म जगत के साथ-साथ दर्शकों का भी ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। महान संत नीम करोली बाबा की जिंदगी और विचारों से प्रेरित फिल्म ‘हनुमान अंश’ इन दिनों सिनेमाघरों में दर्शकों की पसंद बनी हुई है। बेहद सीमित बजट में तैयार की गई इस फिल्म ने अब तक करीब 30 करोड़ रुपये की कमाई कर ली है।
फिल्म की कहानी और आध्यात्मिक विषय को दर्शकों से अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है। खास बात यह है कि फिल्म बनाने का विचार भी अनूप्रिया के मन में एक संयोग से आया था।
यूके में पढ़ा नीम करोली बाबा पर आर्टिकल, यहीं से शुरू हुआ सफर
अनूप्रिया नागर यूके में काम कर रही थीं। इसी दौरान उनकी नजर नीम करोली बाबा से जुड़े एक आर्टिकल पर पड़ी। लेख पढ़ने के बाद वह बाबा के जीवन और उनके विचारों से काफी प्रभावित हुईं। यहीं से उन्होंने नीम करोली बाबा पर फिल्म बनाने का मन बना लिया।
भारत लौटने के बाद अनूप्रिया ने नीम करोली बाबा के जीवन पर गहराई से रिसर्च शुरू की। उन्होंने उनके जीवन, विचारों और उनसे जुड़ी घटनाओं को समझने के लिए काफी समय लगाया। इसी रिसर्च के बाद ‘हनुमान अंश’ को पर्दे पर लाने की दिशा में काम शुरू हुआ।
शुरुआती दो हफ्तों में धीमी रही रफ्तार, तीसरे हफ्ते बदली तस्वीर
‘हनुमान अंश’ ने 7 अगस्त को सिनेमाघरों में दस्तक दी थी। रिलीज के शुरुआती दो हफ्तों में फिल्म की कमाई बहुत खास नहीं रही और बॉक्स ऑफिस पर इसकी रफ्तार धीमी बनी रही। हालांकि, तीसरे हफ्ते में फिल्म ने अचानक रफ्तार पकड़ ली।
दर्शकों की बढ़ती दिलचस्पी का असर फिल्म की कमाई पर भी दिखाई दिया। तीसरे हफ्ते में फिल्म ने तेजी से कलेक्शन किया और देखते ही देखते यह बॉक्स ऑफिस पर सफल फिल्मों की सूची में शामिल हो गई।
21 साल की उम्र में बनीं फिल्म प्रोड्यूसर
‘हनुमान अंश’ की प्रोड्यूसर में शामिल अनूप्रिया नागर ने बेहद कम उम्र में फिल्म निर्माण के क्षेत्र में कदम रखा है। नीम करोली बाबा से प्रभावित होने के बाद उन्होंने न सिर्फ उनके जीवन पर रिसर्च की, बल्कि उस रिसर्च को फिल्म के रूप में दर्शकों तक पहुंचाने का साहस भी दिखाया।
महज 21 साल की उम्र में फिल्म प्रोड्यूस करने वाली सबसे कम उम्र की प्रोड्यूसर्स में शामिल होकर अनूप्रिया ने एक अलग पहचान बनाई है। सीमित बजट में बनी ‘हनुमान अंश’ की सफलता ने उनके इस फैसले को और खास बना दिया है।


