अमृतसर। पंजाब में सक्रिय हुए वेस्टर्न डिस्टरबेंस का असर अब दिखाई देने लगा है। बुधवार को राज्य के कई जिलों में दोपहर बाद आसमान में बादल छाए रहे, जिससे तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की गई। वहीं, आज यानी 12 नवंबर को प्रदेश के सात जिलों में हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है। हालांकि, मौसम विभाग की ओर से फिलहाल किसी तरह का अलर्ट जारी नहीं किया गया है।
मौसम में आए बदलाव के चलते पंजाब के अधिकतम तापमान में 0.6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। इसके बावजूद तापमान सामान्य के आसपास बना हुआ है। वहीं, रात के तापमान में भी कोई बड़ा बदलाव नहीं देखा गया और यह सामान्य स्तर के करीब बना हुआ है।
प्रदूषण से भी मिली थोड़ी राहत
मौसम में बदलाव और हवाओं की रफ्तार बढ़ने से पंजाब की वायु गुणवत्ता में भी मामूली सुधार देखने को मिला है। खासकर लुधियाना में, जहां पहले एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 300 के पार पहुंच गया था, वहां अब यह 300 से नीचे दर्ज किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में उत्तर और उत्तर-पश्चिम दिशा से 4 से 6 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं। हवाओं के कारण प्रदूषण के स्तर में कुछ कमी आई है, जिससे लोगों को हल्की राहत मिली है।
जानें पंजाब के प्रमुख शहरों का AQI
शहर| AQI
अमृतसर| 192
जालंधर| 251
खन्ना| 214
लुधियाना| 209
मंडी गोबिंदगढ़| 143
पटियाला| 162
रूपनगर| 45
आज इन 7 जिलों में बारिश की संभावना
मौसम केंद्र चंडीगढ़ की ओर से जारी जिलावार पूर्वानुमान के मुताबिक, 12 नवंबर को पंजाब के सात जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। इनमें पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, कपूरथला, जालंधर और होशियारपुर शामिल हैं।
इन जिलों में 25 प्रतिशत या उससे कम इलाकों में छिटपुट बारिश होने की संभावना जताई गई है। हालांकि, मौसम विभाग ने किसी भी जिले के लिए फिलहाल कोई अलर्ट जारी नहीं किया है।


