हरियाणा। प्रदेश में वायु प्रदूषण का स्तर लगातार चिंता बढ़ा रहा है। सुबह और शाम के समय कई शहरों में धुंध और स्मॉग की मोटी चादर दिखाई दे रही है। प्रदूषण की गंभीर स्थिति का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि देश के 10 सबसे प्रदूषित शहरों की सूची में हरियाणा के सात शहर शामिल हैं। सिरसा 369 AQI के साथ देश में पहले स्थान पर है, जबकि हिसार 361 AQI के साथ दूसरे नंबर पर पहुंच गया है।
हवा में प्रदूषण बढ़ने से लोगों को सांस लेने में परेशानी, आंखों में जलन और एलर्जी जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। बच्चों, बुजुर्गों और पहले से बीमार लोगों के लिए स्थिति ज्यादा चिंताजनक बनी हुई है।
सिरसा और हिसार में सबसे ज्यादा प्रदूषण
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के अनुसार, सिरसा देश का सबसे प्रदूषित शहर दर्ज किया गया है। यहां AQI 369 रहा, जबकि हिसार 361 के आंकड़े के साथ दूसरे स्थान पर है।
देश के टॉप-10 प्रदूषित शहरों में हरियाणा के अन्य शहर भी शामिल हैं। पंचगांव में AQI 339, बल्लभगढ़ में 328 और भिवानी में 326 दर्ज किया गया। वहीं चरखी दादरी का AQI 305 और गुरुग्राम का 301 रहा।
हरियाणा के दूसरे शहरों में भी हवा खराब
प्रदेश के अन्य शहरों में भी वायु गुणवत्ता की स्थिति अच्छी नहीं है।
– करनाल में AQI 299
– बहादुरगढ़ में 296
– मानेसर में 293
– फरीदाबाद में 285
– रोहतक में 248
– अंबाला में 243
– धारूहेड़ा में 232
– जींद में 231
– कुरुक्षेत्र में 230
– यमुनानगर में 222
– कैथल में 220
– सोनीपत में 181
– पलवल में 170
पंचकूला की हवा सबसे साफ, AQI 77
जहां प्रदेश के अधिकांश शहर प्रदूषण की चपेट में हैं, वहीं पंचकूला की वायु गुणवत्ता अपेक्षाकृत बेहतर दर्ज की गई है। यहां AQI 77 रहा, जो हरियाणा में सबसे कम है।
दूसरी ओर, राजधानी दिल्ली में भी AQI 313 दर्ज किया गया है। इससे साफ है कि दिल्ली-एनसीआर समेत आसपास के इलाकों में प्रदूषण की समस्या गंभीर बनी हुई है।
स्मॉग से सड़कों पर भी बढ़ी परेशानी
सुबह और रात के समय वातावरण में धूल और धुएं के कण जमा होने से कई इलाकों में स्मॉग की स्थिति बन रही है। इसके कारण सड़कों पर विजिबिलिटी कम हो रही है और वाहन चालकों को सफर के दौरान परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मौसम में नमी, रात के समय कम तापमान और हवा की धीमी रफ्तार को प्रदूषण बढ़ने की प्रमुख वजहों में माना जा रहा है। हवा की गति कम होने के कारण प्रदूषण के कण वातावरण में लंबे समय तक बने रहते हैं। ऐसे में लोगों को खासकर सुबह और रात के समय बाहर निकलते हुए सावधानी बरतने की जरूरत है।


