Punjab News: असम की डिब्रूगढ़ जेल में बंद खडूर साहिब से सांसद अमृतपाल सिंह को अपनी दादी के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए एक दिन की कस्टडी पैरोल की मंजूरी मिल गई है।अमृतपाल के वकील एडवोकेट हरजोत सिंह मान के अनुसार, अदालत के मौजूदा आदेश के तहत उन्हें 14 तारीख को दोपहर 12 बजे से शाम 3 बजे तक परिवार के साथ रहकर अंतिम संस्कार की रस्में निभाने की इजाजत दी गई है।
वकील ने जताई नाराजगी, कहा- कम से कम दो दिन की पैरोल जरूरी थी सरकार के इस फैसले पर असंतोष व्यक्त करते हुए एडवोकेट मान ने कहा कि उन्होंने 15 दिनों की पैरोल मांगी थी, लेकिन केवल एक दिन की ही अनुमति मिली है। इसे कोई बड़ी राहत नहीं माना जा सकता। उन्होंने दलील दी कि अमृतपाल करीब तीन साल बाद डिब्रूगढ़ जैसी दूर जगह से पंजाब लौट रहे हैं, इसलिए कम से कम दो दिन की पैरोल मिलनी चाहिए थी।
वकील ने भावुक पहलू रखते हुए बताया कि अमृतपाल की दादी लंबे समय से बीमार थीं और उनकी अंतिम इच्छा थी कि उनका पोता ही उन्हें मुखाग्नि दे। साथ ही, सिख मर्यादाओं के तहत अंतिम अरदास में शामिल होना भी अत्यंत आवश्यक है।
अंतिम अरदास की अर्जी पर सुनवाई अभी बाकी 17 तारीख को होने वाली अंतिम अरदास में शामिल होने के लिए दायर की गई नई याचिका के बारे में जानकारी देते हुए वकील ने बताया कि वह अर्जी फिलहाल लंबित (होल्ड पर) है। उम्मीद है कि कल सुबह ड्यूटी मजिस्ट्रेट के सामने पेश होकर इस पर जल्द सुनवाई की मांग की जाएगी।
यात्रा और सुरक्षा का खर्च उठाने को तैयार परिवार अमृतपाल सिंह को डिब्रूगढ़ से पंजाब लाने के इंतजामों पर एडवोकेट मान ने स्पष्ट किया कि उन्हें विशेष विमान या चॉपर से लाने की पूरी जिम्मेदारी जेल प्रशासन की है—जैसा कि पिछली बार शपथ ग्रहण के दौरान विशेष चॉपर के जरिए किया गया था। उन्होंने कहा कि परिवार यात्रा और सुरक्षा से जुड़ा सारा खर्च उठाने के लिए पूरी तरह तैयार है। फिलहाल सरकार की ओर से खर्च का ब्योरा (एस्टीमेट) नहीं मिला है; प्रशासन द्वारा राशि बताते ही परिवार उसे जमा करवा देगा।


