चंडीगढ़: मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के आदेश पर पंजाब को नशा मुक्त बनाने के लिए छेड़े गए “युद्ध नशों विरुद्ध” अभियान के तहत पंजाब पुलिस ने तस्करों पर कड़ा प्रहार किया है। अभियान के 258वें दिन पुलिस ने राज्यभर में व्यापक स्तर पर कार्रवाई करते हुए 305 स्थानों पर छापेमारी की। इस दौरान 58 राजपत्रित अधिकारियों की निगरानी में 800 से अधिक पुलिसकर्मियों की 100 टीमों ने संदिग्ध ठिकानों पर दबिश दी। कार्रवाई के फलस्वरूप पुलिस ने 71 एफआईआर दर्ज कर 86 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया। इन गिरफ्तारियों के साथ ही पिछले 258 दिनों में पकड़े गए कुल तस्करों की संख्या 36,550 तक पहुंच गई है।
छापेमारी के दौरान पुलिस को बड़ी मात्रा में नशीले पदार्थ बरामद हुए हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 13.7 किलो हेरोइन, 1 किलो अफीम, 3.5 किलो भुक्की और लाखों रुपये की ड्रग मनी जब्त की है। पुलिस ने दिनभर चले इस अभियान में 305 संदिग्ध व्यक्तियों की जांच भी की। राज्य सरकार न केवल प्रवर्तन (Enforcement) पर जोर दे रही है, बल्कि नशा मुक्ति (De-addiction) और रोकथाम (Prevention) पर भी काम कर रही है। इसी रणनीति के तहत पुलिस ने 32 नशा पीड़ितों की पहचान कर उन्हें इलाज और पुनर्वास केंद्र भेजने के लिए राजी किया, ताकि वे समाज की मुख्यधारा में लौट सकें।
