हरियाणा सरकार का बड़ा फैसला: शहीदों के बच्चों को हर महीने मिलेगी 8,000 रुपये तक की स्कॉलरशिप

Haryana

हरियाणा डेस्क |हरियाणा की नायब सैनी सरकार ने सशस्त्र बलों और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (CAPF) के शहीदों तथा ऑपरेशनों के दौरान हताहत हुए सैनिकों के बच्चों के लिए एक नई छात्रवृत्ति योजना का आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। मुख्यमंत्री के इस कदम से उन परिवारों को बड़ी आर्थिक राहत मिलेगी जिन्होंने देश की सुरक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया है।

छात्रवृत्ति की श्रेणी और वित्तीय सहायता

नोटिफिकेशन के अनुसार, शिक्षा के स्तर के आधार पर छात्रवृत्ति की राशि को तीन श्रेणियों में बांटा गया है:

  • कक्षा 6 से 12 तक: इन छात्रों को 5,000 रुपये प्रति माह यानी साल के 60,000 रुपये मिलेंगे।

  • ग्रेजुएशन (स्नातक): कॉलेज जाने वाले छात्रों को 6,000 रुपये प्रति माह यानी साल के 72,000 रुपये की सहायता दी जाएगी।

  • पोस्ट ग्रेजुएशन (स्नातकोत्तर): उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे छात्रों को 8,000 रुपये प्रति माह यानी साल के 96,000 रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी।

किन परिस्थितियों में शहीद हुए सैनिकों को मिलेगा लाभ?

यह योजना केवल युद्ध ही नहीं, बल्कि विभिन्न चुनौतीपूर्ण स्थितियों में हताहत हुए सैनिकों के बच्चों को कवर करती है, जिनमें शामिल हैं:

  • युद्ध, सीमा पर झड़पें और आतंकवादी हमले।

  • आईईडी (IED) विस्फोट और आंतरिक सुरक्षा ड्यूटी के दौरान हुई घटनाएं।

  • हवाई दुर्घटना, समुद्र में मृत्यु या प्राकृतिक आपदाओं के दौरान बचाव अभियान।

  • ड्यूटी के दौरान हृदय गति रुकने (Heart Attack) जैसी स्थितियां भी इस दायरे में रखी गई हैं।

योजना के लिए पात्रता और शर्तें

सैनिक और अर्धसैनिक कल्याण विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार:

  1. निवास प्रमाण: शहीद या हताहत सैनिक का सेवा में शामिल होने के समय हरियाणा का निवासी होना अनिवार्य है। भले ही उनका वर्तमान पता कहीं और का हो।

  2. चुनावी वादा पूरा: मुख्यमंत्री नायब सैनी ने विधानसभा चुनाव के दौरान अपने ‘संकल्प पत्र’ में यह वादा किया था, जिसे अब अमली जामा पहना दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *