रोहित शेट्टी फायरिंग केस: पुणे से 4 आरोपी गिरफ्तार, बिश्नोई गैंग का शुभम लोनकर वांटेड घोषित

Entertainment

Entertainment Desk: रोहित शेट्टी फायरिंग मामले में मुंबई पुलिस और क्राइम ब्रांच की जांच में बड़े खुलासे हुए हैं। पुलिस ने इस मामले में पुणे से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिन्हें कोर्ट ने 5 फरवरी तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है। इस घटना के तार अब सीधे तौर पर बिश्नोई गैंग से जुड़ते नजर आ रहे हैं।

गिरफ्तार आरोपियों की हुई पहचान

पकड़े गए चारों आरोपी पुणे के रहने वाले हैं। इनकी पहचान 19 वर्षीय आदित्य ज्ञानेश्वर गायकवाड़, 20 वर्षीय सिद्धार्थ दीपक येनपुरे, 18 वर्षीय समर्थ शिवशरण पोमाजी और 23 वर्षीय स्वप्निल बांदू सकट के रूप में हुई है। शुरुआती जांच के अनुसार, इन आरोपियों ने वारदात के लिए वाहन उपलब्ध कराए थे और पूरी साजिश में सक्रिय भूमिका निभाई थी।

बिश्नोई गैंग का कनेक्शन और वांटेड आरोपी

रविवार को सोशल मीडिया पर बिश्नोई गैंग के कथित सदस्य शुभम लोनकर ने इस फायरिंग की जिम्मेदारी लेने का दावा किया था। पुलिस ने अब शुभम लोनकर को इस मामले में मुख्य वांटेड आरोपी घोषित कर दिया है और उसकी तलाश के लिए टीमें रवाना कर दी गई हैं।

जांच में हुए अहम खुलासे (Timeline of Events)

क्राइम ब्रांच की अब तक की जांच में वारदात से जुड़ी कई महत्वपूर्ण कड़ियां सामने आई हैं:

  • मोड ऑपरेंडी: हमलावर बाइक से जुहू इलाके में आया था। उसने अपनी बाइक रोहित शेट्टी की बिल्डिंग ‘शेट्टी टावर’ से कुछ दूरी पर खड़ी की और फिर पैदल चलकर घर के बाहर पहुंचा। फायरिंग करने के बाद वह तुरंत वहां से फरार हो गया।

  • सलमान खान केस से समानता: पुलिस के मुताबिक, रोहित शेट्टी के घर हुई फायरिंग और अभिनेता सलमान खान के घर हुई फायरिंग के तरीके (Modus Operandi) में काफी समानताएं हैं, जो एक ही गिरोह के हाथ होने की ओर इशारा करती हैं।

  • ऑटो ड्राइवर का बयान: जांच के दौरान एक ऑटो ड्राइवर का बयान दर्ज किया गया है। हमलावर ने भागते समय उससे कल्याण चलने के बारे में पूछा था, जिसे ड्राइवर ने दूरी अधिक होने के कारण मना कर दिया था।

  • फोरेंसिक और बयान: फोरेंसिक टीम ने मौके से नमूने एकत्र किए हैं। वहीं, रोहित शेट्टी ने पुलिस को अपना आधिकारिक बयान दर्ज करा दिया है और वह जांच में पूरा सहयोग कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *