पंजाब पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी, जग्गू भगवानपुरिया गैंग का खूंखार गैंगस्टर यूक्रेन बॉर्डर पर गिरफ्तार

Punjab

नई दिल्ली: पंजाब पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों के हाथ एक बहुत बड़ी सफलता लगी है। सूत्रों से मिली अहम जानकारी के अनुसार, कुख्यात जग्गू भगवानपुरिया गैंग से जुड़े एक मोस्ट वांटेड गैंगस्टर अमृतपाल सिंह उर्फ अमृत दालम को यूक्रेन बॉर्डर पर गिरफ्तार कर लिया गया है। इस खतरनाक गैंगस्टर की गिरफ्तारी पंजाब पुलिस द्वारा जारी किए गए ‘रेड कॉर्नर नोटिस’ के आधार पर हुई है, जो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पुलिस के लिए एक बड़ी जीत मानी जा रही है।

पुलिस के मुताबिक, गैंगस्टर अमृतपाल सिंह उर्फ अमृत दालम पंजाब में कई बड़े और संगीन आपराधिक मामलों में वांछित था। वह लंबे समय से पुलिस की आंखों में धूल झोंक कर फरार चल रहा था। देश से भागने के बाद पुलिस लगातार उसकी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तलाश कर रही थी। उसकी गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए ही रेड कॉर्नर नोटिस जारी करवाया गया था। इसी नोटिस के आधार पर ट्रैकिंग करते हुए उसे उस वक्त धर दबोचा गया, जब वह यूक्रेन की सीमा पर मौजूद था। रेड कॉर्नर नोटिस के अलर्ट के चलते ही उसे वहां हिरासत में ले लिया गया।

यूक्रेन में इस कुख्यात गैंगस्टर के पकड़े जाने के बाद अब उसे वापस भारत लाने की कवायद तेज कर दी गई है। सूत्रों का कहना है कि संबंधित कानूनी कागजी कार्रवाई और अंतरराष्ट्रीय औपचारिकताएं तेजी से पूरी की जा रही हैं। जल्द ही सभी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद अमृत दालम को भारत वापस लाया जाएगा, जहां उससे कड़ी पूछताछ की जाएगी। माना जा रहा है कि उसके भारत आने के बाद जग्गू भगवानपुरिया गैंग के नेटवर्क और कई अन्य बड़े आपराधिक मामलों से जुड़े अहम राज खुल सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *