पंजाब में ‘कैप्सूल’ का अवैध साम्राज्य जमींदोज, पुलिस के कड़े पहरे में चला प्रशासन का पीला पंजा; नशा तस्करों में हड़कंप

Punjab

बठिंडा: पंजाब में नशा तस्करों और अपराधियों के खिलाफ प्रशासन का सख्त एक्शन लगातार जारी है। इसी कड़ी में बठिंडा के थाना सिविल लाइन इलाके के अधीन आती धोबियाना बस्ती में प्रशासन का ‘पीला पंजा’ यानी बुलडोजर गरजा है। प्रशासन ने भारी पुलिस बल की सुरक्षा के बीच जीशान अली उर्फ ‘कैप्सूल’ द्वारा बनाई गई अवैध इमारत को पूरी तरह से ढहा दिया है। इस बड़ी कार्रवाई के बाद से इलाके के अन्य अवैध कब्जाधारकों और आपराधिक तत्वों में भारी खौफ का माहौल है।

यह सख्त कार्रवाई डिप्टी कमिश्नर कम मजिस्ट्रेट के सीधे आदेशों पर अमल में लाई गई है। कार्रवाई के दौरान किसी भी तरह के विरोध या कानून व्यवस्था बिगड़ने की स्थिति से निपटने के लिए मौके पर भारी पुलिस फोर्स तैनात की गई थी। इस पूरी कार्रवाई की जानकारी देते हुए एसपी सिटी नरिंदर सिंह ने बताया कि आरोपी जीशान अली ने गैर-कानूनी तरीके से इस इमारत का निर्माण किया था। प्रशासन की तरफ से कब्जाधारियों को इसे खाली करने के लिए पहले कई बार नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन जब उन्होंने जगह खाली नहीं की, तो प्रशासन को बुलडोजर चलाकर इस इमारत को गिराना पड़ा।

एसपी सिटी ने आगे बताया कि पंजाब सरकार द्वारा राज्य को नशामुक्त करने के लिए शुरू किए गए विशेष मिशन “नशों के विरुद्ध युद्ध” के तहत जिले भर में लगातार कड़ी चेकिंग और कार्रवाइयां की जा रही हैं। नशा तस्करों की कमर तोड़ने के लिए पुलिस पूरी तरह से मुस्तैद है। उन्होंने आंकड़ों का हवाला देते हुए बताया कि बठिंडा जिले में 1 मार्च 2025 से लेकर अब तक नशा तस्करी के खिलाफ अभियान के तहत कुल 2116 मामले दर्ज किए जा चुके हैं और इन मामलों में 3087 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *