नई दिल्ली: बॉलीवुड की दिग्गज प्लेबैक सिंगर अलका याग्निक को संगीत की दुनिया में उनके अभूतपूर्व योगदान के लिए देश के प्रतिष्ठित ‘पद्म भूषण’ पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। मंगलवार, 23 जून को राष्ट्रपति भवन में आयोजित भव्य समारोह के दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उन्हें इस सम्मान से नवाजा। हालांकि, इस सम्मान को लेने के लिए मंच पर जाते समय 60 वर्षीय गायिका बेहद कमजोर नजर आईं और उन्हें एक अटेंडेंट की मदद लेनी पड़ी। इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद दुनिया भर में मौजूद उनके करोड़ों फैंस उनकी सेहत को लेकर चिंतित हो गए थे।
भावुक नोट शेयर कर प्रशंसकों का जताया आभार
फैंस की चिंता के बीच अब अलका याग्निक ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर एक बेहद भावुक नोट साझा किया है। इस पोस्ट में उन्होंने पद्म भूषण मिलने पर आभार जताने के साथ-साथ पिछले कुछ समय से अपनी सेहत को लेकर चल रही मुश्किलों पर भी खुलकर बात की।
उन्होंने लिखा:
“पिछले दो सालों से मैं लाइमलाइट और पब्लिक अपीयरेंस से दूर रही हूँ और अपनी जिंदगी के इस सफर के बारे में ज़्यादा कुछ शेयर नहीं किया है। आप में से कई लोग जानते थे कि मैं सेहत से जुड़ी कुछ गंभीर मुश्किलों से गुजर रही हूँ। इस मुश्किल दौर में आपका प्यार, आपकी दुआएं, मैसेज और अटूट साथ हर कदम पर मेरे हौसले की वजह बने रहे।”
“यह सम्मान सिर्फ मेरा नहीं, हर सुनने वाले का है”
देश का यह बड़ा नागरिक सम्मान मिलने पर अपनी खुशी जाहिर करते हुए अलका याग्निक ने आगे लिखा, “आज, जब मैं देश के सबसे प्रतिष्ठित सम्मानों में से एक, पद्म भूषण को ग्रहण करने के लिए आगे बढ़ी, तो मेरा दिल कृतज्ञता (ग्रेटिट्यूड) से भरा हुआ था। यह सम्मान मुझे बेहद विनम्र महसूस कराता है। भले ही इस पुरस्कार पर मेरा नाम लिखा है, लेकिन यह उतना ही उन सभी सुनने वालों का भी है जिन्होंने मेरी आवाज को अपनी जिंदगी का हिस्सा बनाया, कई पीढ़ियों तक मेरे गानों को पहुँचाया और अच्छे-बुरे, हर वक्त में मेरा साथ दिया।”
अलका याग्निक के इस पोस्ट के बाद फिल्म इंडस्ट्री के सितारों और उनके प्रशंसकों ने कमेंट बॉक्स में उनके जल्द पूरी तरह स्वस्थ होने की कामना की है।