सांबा। चंडीगढ़ के सेक्टर-11 स्थित श्री कुमार केमिस्ट शॉप के कैशियर जानकी दास की दिनदहाड़े हुई हत्या के मामले में जांच अब अहम मोड़ पर पहुंच गई है। इस चर्चित हत्याकांड के कथित मुख्य आरोपी, सांबा निवासी अमित कुमार उर्फ शराबी को चंडीगढ़ पुलिस प्रोडक्शन वारंट पर जम्मू के सांबा से लेकर पहुंची है। वीरवार को उसे जिला अदालत में पेश किया गया, जहां से पुलिस को चार दिन की रिमांड मिल गई है। अब पुलिस अमित से हत्या की पूरी साजिश, सुपारी देने वालों, हथियारों के इंतजाम और फरार आरोपियों के बारे में विस्तृत पूछताछ करेगी। साथ ही पुलिस मुठभेड़ में घायल हुए शूटर सन्नी मेहरा और उसके साथी आर्यन शर्मा की भी रिमांड लेने की तैयारी में है। तीनों आरोपियों को आमने-सामने बिठाकर पूछताछ की जाएगी, ताकि उनके बयानों में मौजूद अंतर दूर किए जा सकें और पूरी साजिश की परतें खोली जा सकें।
विदेशी जिगाना पिस्टल अभी भी पुलिस की पहुंच से बाहर
जांच का सबसे अहम पहलू हत्या में इस्तेमाल हुई विदेशी जिगाना पिस्टल की बरामदगी है। पुलिस को उम्मीद है कि अमित से पूछताछ में हथियार के ठिकाने और उसे गायब करने में शामिल लोगों का पता चल सकता है। इससे पहले अमित ने पूछताछ में बताया था कि वारदात के बाद उसने पिस्टलें सेक्टर-43 इलाके में एक लिफाफे में डालकर फेंक दी थीं, लेकिन अब तक हथियार बरामद नहीं हो पाए हैं।
जम्मू में लंबी रिमांड के बाद पहुंचा चंडीगढ़
सन्नी मेहरा और आर्यन शर्मा को चंडीगढ़ पुलिस ने जम्मू-कश्मीर से गिरफ्तार किया था, जबकि मुख्य आरोपी अमित कुमार उर्फ शराबी को जम्मू-कश्मीर पुलिस की सांबा थाना टीम ने उधमपुर जिले के मजालता से हथियारों सहित पकड़ा था। गिरफ्तारी के बाद से अमित लगातार सांबा पुलिस की हिरासत में रहा और उससे अलग-अलग चरणों में सात-सात दिन की रिमांड पर पूछताछ हुई।
इस दौरान चंडीगढ़ पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी सांबा थाना पहुंचकर अमित और मक्खन से पूछताछ कर चुके हैं। अब चंडीगढ़ पुलिस उसे अपनी रिमांड पर लेकर हत्या के पूरे नेटवर्क और साजिश की जड़ तक पहुंचने की कोशिश करेगी।
सांबा पुलिस मक्खन से भी कर रही पूछताछ
जानकी दास की हत्या के पीछे जम्मू की कोट भलवाल जेल में बंद रोहित कुमार उर्फ मक्खन का नाम भी सामने आया था। जम्मू-कश्मीर पुलिस का दावा है कि अमित कुमार उर्फ शराबी ने जानकी दास की हत्या मक्खन के इशारे पर की थी, जिसके बाद सांबा पुलिस ने उसे रिमांड पर लेकर लगातार पूछताछ शुरू की।
मक्खन फिलहाल सांबा थाने में चार दिन की रिमांड पर है, जिससे वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी पूछताछ कर रहे हैं। उम्मीद है कि मक्खन से पूछताछ में जानकी दास हत्याकांड के कई राज खुल सकते हैं।
