हिसार: हरियाणा के हिसार में गणेश विसर्जन के बाद घर लौट रहे तीन युवकों के साथ दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बधावड़ गांव के पास अचानक एक पिकअप वाहन का टायर फट गया, जिससे चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया। अनियंत्रित पिकअप बाइक सवार तीन युवकों से जा टकराई। हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
गणेश प्रतिमा विसर्जन के बाद लौट रहे थे युवक
जानकारी के अनुसार बरवाला के वार्ड नंबर-3 से कुछ लोग रविवार को गांव खरक पूनिया के पास नहर में गणेश प्रतिमा विसर्जन के लिए गए थे। विसर्जन कार्यक्रम समाप्त होने के बाद सभी लोग वापस बरवाला की ओर लौट रहे थे।
इसी दौरान वार्ड नंबर-3 निवासी मोहित (23), वंश (19) और यशु बाइक पर सवार होकर घर लौट रहे थे। शाम करीब 7 बजे बधावड़ गांव के पास पहुंचते ही उनकी बाइक हादसे का शिकार हो गई।
टायर फटने से अनियंत्रित हुई पिकअप
बताया जा रहा है कि युवकों की बाइक के पास से गुजर रही एक पिकअप का टायर अचानक तेज आवाज के साथ फट गया। टायर फटने के बाद पिकअप अनियंत्रित हो गई और चालक वाहन को संभाल नहीं सका।
इसके बाद पिकअप ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार तीनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
दो युवकों की मौत, तीसरा गंभीर
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों और युवकों के साथ लौट रहे परिजनों ने घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद मोहित और वंश को मृत घोषित कर दिया। वहीं तीसरे युवक यशु का इलाज जारी है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस ने शुरू की जांच
हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस हादसे के कारणों और पिकअप चालक की भूमिका की जांच कर रही है। वहीं दो युवकों की मौत के बाद परिवारों में मातम पसरा हुआ है।


