HomePunjabजालंधर: गुरुद्वारा साहिब में बेअदबी की घटना, गुटका साहिब के अंग फाड़ने...

जालंधर: गुरुद्वारा साहिब में बेअदबी की घटना, गुटका साहिब के अंग फाड़ने वाली आरोपी महिला गिरफ्तार

जालंधर: पंजाब के जालंधर जिले के अंतर्गत आते गांव सगवाल से एक बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और संवेदनशील मामला सामने आया है। यहाँ स्थित श्री गुरु रविदास गुरुद्वारा साहिब में एक महिला द्वारा गुटका साहिब के अंगों की बेअदबी करने की घटना को अंजाम दिया गया। वारदात के तुरंत बाद मुस्तैद ग्रामीणों ने आरोपी महिला को मौके पर ही दबोच लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर महिला को गिरफ्तार कर लिया है।

शोर मचाते हुए अंदर घुसी, बच्चों के सामने की वारदात

गांव की सरपंच प्रवीण कुमारी से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी महिला अचानक शोर मचाते और ताली बजाते हुए गुरुद्वारा साहिब के परिसर में दाखिल हुई। उस समय गुरुद्वारा साहिब के अंदर कुछ बच्चे मौजूद थे, जो महिला की इस अजीब हरकत को देखकर बुरी तरह डर गए।

इसी बीच महिला ने अंदर रखे पवित्र गुटका साहिब को उठाकर उनके अंगों (पन्नों) को फाड़ना शुरू कर दिया। यह खौफनाक मंजर देखकर बच्चे तुरंत बाहर की तरफ भागे और आसपास के लोगों को घटना की जानकारी दी। बच्चों की बात सुनते ही गांव वाले तुरंत इकट्ठा हुए और गुरुद्वारा साहिब के भीतर जाकर महिला को पकड़ लिया।

पूछताछ में दूसरी भाषा का किया इस्तेमाल

सरपंच ने बताया कि इस महिला को पहले कभी गांव में नहीं देखा गया था और वह इलाके के लिए बिल्कुल अनजान थी। जब ग्रामीणों ने उससे घटना को लेकर पूछताछ करने की कोशिश की, तो वह किसी दूसरी और अनजान भाषा में बात करने लगी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को इसकी सूचना दी।

बाथरूम गए थे मुख्य ग्रंथी, तभी हुआ हादसा

किशनगढ़ पुलिस चौकी के इंचार्ज कुलदीप सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और आरोपी महिला को हिरासत में ले लिया।

गुरुद्वारा साहिब के हेड ग्रंथी ने पुलिस को दिए अपने बयान में बताया कि वह रोजाना की सेवा के अनुसार ‘सुख आसन’ करने के बाद कुछ देर के लिए बाथरूम गए थे। अंदर केवल बच्चे ही मौजूद थे, जिसका फायदा उठाकर महिला ने इस वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस की कार्रवाई और जांच शुरू

पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है, जिसकी पहचान राधिका के रूप में हुई है। किशनगढ़ चौकी इंचार्ज के मुताबिक, हेड ग्रंथी के बयानों के आधार पर आरोपी महिला के खिलाफ धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने और बेअदबी करने की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस महिला से कड़ाई से पूछताछ कर रही है ताकि इस घटना के पीछे की असली वजह और उसकी मानसिक स्थिति का पता लगाया जा सके।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments