HomePunjabजालंधर में शादी का झांसा देकर तांत्रिक ने ठगे हजारों, पैसे मांगे...

जालंधर में शादी का झांसा देकर तांत्रिक ने ठगे हजारों, पैसे मांगे तो देने लगा धमकी; पुलिस जांच में जुटी

जालंधर: जालंधर के मशहूर रैनक बाजार में उस समय हड़कंप मच गया जब शादी न होने से परेशान एक युवक ने एक तांत्रिक पर ठगी के गंभीर आरोप जड़ दिए। पीड़ित का कहना है कि तांत्रिक ने ‘चट मंगनी पट ब्याह’ के टोटकों के नाम पर उससे मोटी रकम ऐंठ ली और जब कोई समाधान नहीं निकला, तो उसे डराना-धमकाना शुरू कर दिया। इस हंगामे की सूचना मिलते ही भारी संख्या में सामाजिक संस्थाओं के लोग और थाना डिवीजन नंबर 4 की पुलिस मौके पर पहुंच गई।

जानकारी के मुताबिक, पीड़ित अपनी शादी न होने के कारण मानसिक रूप से काफी परेशान था। इसी बीच रैनक बाजार में उसकी मुलाकात एक तांत्रिक से हुई, जिसने उसे जल्द शादी करवाने का सब्जबाग दिखाया। तांत्रिक के झांसे में आकर पीड़ित ने पहले 4900 रुपये का कथित ‘पूजा का सामान’ खरीदा। इसके बाद तांत्रिक ने काम पक्का करने के बहाने अलग-अलग किस्तों में पीड़ित से अपने खाते में 14000 रुपये और ट्रांसफर करवा लिए। कुल मिलाकर युवक से करीब 19 हजार रुपये की चपत लगा दी गई।

काफी समय बीत जाने के बाद भी जब शादी का कोई योग नहीं बना और न ही तांत्रिक के उपायों का कोई असर दिखा, तो पीड़ित ने अपने पैसे वापस मांगे। आरोप है कि पैसे लौटाने के बजाय तांत्रिक ने उसे सरेआम धमकाना शुरू कर दिया और कहा कि “जो करना है कर लो, पैसे वापस नहीं मिलेंगे।” तांत्रिक के इस अड़ियल रवैये से तंग आकर पीड़ित ने अपने दोस्तों और सामाजिक कार्यकर्ताओं को मौके पर बुला लिया, जिससे बाजार में तनावपूर्ण स्थिति पैदा हो गई।

हंगामे को बढ़ता देख स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचित किया। थाना डिवीजन नंबर 4 के जांच अधिकारी सुखवंत सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को शांत करवाया। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत दर्ज कर ली है और तांत्रिक से पूछताछ की तैयारी की जा रही है। जांच अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है और धोखाधड़ी पाए जाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। फिलहाल तांत्रिक ने इस पूरे मामले पर अपना पक्ष रखने से चुप्पी साधी हुई है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments