SPORTS DESK : फीफा विश्व कप 2026 के राउंड ऑफ-16 में नॉर्वे ने फुटबॉल इतिहास के सबसे बड़े उलटफेरों में से एक को अंजाम देते हुए पांच बार की विश्व चैंपियन ब्राज़ील को 2-1 से हराकर पहली बार विश्व कप के क्वार्टरफाइनल में जगह बना ली। इस ऐतिहासिक जीत के हीरो स्टार स्ट्राइकर एरलिंग हालैंड रहे, जिन्होंने मैच के अंतिम चरण में दो शानदार गोल दागकर पूरी बाज़ी पलट दी। मैच की शुरुआत में ब्राज़ील ने आक्रामक खेल दिखाया और शुरुआती मिनटों में उसे पेनल्टी भी मिली, लेकिन नॉर्वे के गोलकीपर ऑरजान नायलैंड ने ब्रूनो गुइमारेस की पेनल्टी शानदार अंदाज़ में बचाकर टीम को बड़ी राहत दिलाई।
इसके बाद भी ब्राज़ील को कई मौके मिले, लेकिन नॉर्वे की मजबूत रक्षापंक्ति और नायलैंड की बेहतरीन गोलकीपिंग के सामने वह बढ़त नहीं बना सका। 79वें मिनट में सब्स्टीट्यूट एंड्रियास शेल्डेरुप के सटीक क्रॉस पर एरलिंग हालैंड ने शानदार हेडर लगाकर नॉर्वे को 1-0 की बढ़त दिला दी। इसके बाद 90वें मिनट में हालैंड ने लंबी दूरी से दमदार शॉट लगाकर अपना दूसरा और टीम का निर्णायक गोल दाग दिया। दोनों गोलों में शेल्डेरुप ने अहम भूमिका निभाई।
इंजरी टाइम में ब्राज़ील को एक और पेनल्टी मिली, जिसे नेमार ने गोल में बदलकर स्कोर 2-1 कर दिया। हालांकि यह गोल केवल हार का अंतर कम कर सका और अंतिम सीटी बजते ही नॉर्वे ने इतिहास रच दिया। इस जीत के साथ नॉर्वे पहली बार फीफा विश्व कप के क्वार्टरफाइनल में पहुंच गया, जबकि ब्राज़ील 1990 के बाद पहली बार राउंड ऑफ-16 में बाहर हो गया। हालैंड के इस प्रदर्शन ने उन्हें टूर्नामेंट में सात गोलों तक पहुंचा दिया, जिससे वे गोल्डन बूट की दौड़ में शीर्ष खिलाड़ियों के बराबर आ गए। अब क्वार्टरफाइनल में नॉर्वे का सामना इंग्लैंड से होगा।



