Haryana Desk: चरखी दादरी बस स्टैंड से शुक्रवार रात चोरी हुई हरियाणा रोडवेज की सरकारी बस का स्थानीय पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर सफल खुलासा कर दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बस को राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले के चंदेरिया थाना क्षेत्र से सुरक्षित बरामद कर लिया और मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान झज्जर जिले के दुल्हेड़ा गांव निवासी अजय कुमार के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसे धार्मिक नगरी उज्जैन जाना था, लेकिन देर रात कोई साधन उपलब्ध नहीं होने पर उसने बस स्टैंड पर खड़ी हरियाणा रोडवेज की बस चोरी कर ली और उसे लेकर रवाना हो गया।
आरोपी का आपराधिक इतिहास भी आया सामने
पुलिस जांच में पता चला कि आरोपी के खिलाफ पहले से विभिन्न थानों में तीन से चार आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह पहले दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) में बस चालक के पद पर कार्यरत था, लेकिन बाद में उसे नौकरी से बर्खास्त कर दिया गया। इसके बाद वह ट्रक चालक के रूप में काम करने लगा, जिससे उसे भारी वाहनों को चलाने का अच्छा अनुभव था।
जीपीएस की मदद से राजस्थान तक पहुंची पुलिस
सिटी थाना प्रभारी चन्द्र शेखर ने बताया कि बस की जीपीएस लोकेशन सबसे पहले लोहारू की दिशा में मिली थी। इसके बाद पुलिस ने राजस्थान सीमा से जुड़े सभी संभावित रास्तों पर निगरानी बढ़ा दी और विशेष नाकाबंदी की।
लगातार ट्रैकिंग और सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले के चंदेरिया थाना क्षेत्र से चोरी की गई बस को बरामद कर लिया। मौके से आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
रविवार को आरोपी को स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस अब आरोपी से उसके पुराने आपराधिक मामलों और इस वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं को लेकर विस्तृत पूछताछ कर रही है।



