यमुनानगर। हरियाणा के यमुनानगर जिले में एक अनोखी शादी इन दिनों चर्चा का विषय बनी हुई है। यहां दुल्हन की ससुराल में एंट्री किसी फिल्मी सीन से कम नहीं रही। दुल्हन पारंपरिक तरीके से विदा होकर कार में नहीं, बल्कि हेलीकॉप्टर में सवार होकर अपने नए घर पहुंची। वहीं, इस शाही अंदाज वाली शादी में दूल्हे के परिवार ने दहेज के नाम पर सिर्फ एक रुपया स्वीकार कर समाज को एक सकारात्मक संदेश भी दिया।
अंबाला से हेलीकॉप्टर में पहुंची दुल्हन
जानकारी के मुताबिक, यमुनानगर के ताजेवाला गांव निवासी सनव्वर राव ने अपने बेटे सलमान राव की शादी को यादगार बनाने के लिए बहू की विदाई के लिए हेलीकॉप्टर का इंतजाम किया था। अंबाला जिले के गांव नसडोली से दुल्हन को हेलीकॉप्टर के जरिए ताजेवाला गांव लाया गया।
जैसे ही हेलीकॉप्टर गांव के आसमान में दिखाई दिया, लोगों की निगाहें उसी पर टिक गईं। हेलीकॉप्टर की लैंडिंग होते ही ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। हर कोई इस अनोखे नजारे को अपने मोबाइल फोन में कैद करने के लिए उत्साहित नजर आया।
दहेज में न कार मांगी, न लाखों रुपये
इस शादी की सबसे खास बात दहेज को लेकर दूल्हे सलमान राव के परिवार का फैसला रहा। परिवार ने दुल्हन पक्ष से दहेज के रूप में न तो कार की मांग की और न ही लाखों रुपये लिए। दूल्हे ने शगुन के तौर पर केवल एक रुपया स्वीकार किया।
एक तरफ बहू को हेलीकॉप्टर से घर लाकर शाही स्वागत किया गया, तो दूसरी तरफ दहेज के खिलाफ सादगी भरा संदेश भी दिया गया। परिवार की इस पहल की इलाके में खूब सराहना हो रही है।
इस अनोखी शादी ने न केवल ग्रामीणों का ध्यान खींचा, बल्कि यह संदेश भी दिया कि शादी की असली खुशी दिखावे और दहेज में नहीं, बल्कि आपसी सम्मान और रिश्तों में होती है।


