चंडीगढ़ और पंजाब में मौसम का यू-टर्न: तेज हवाओं के साथ जोरदार बारिश, रूपनगर और पटियाला में ओले गिरने से बढ़ी ठिठुरन

Punjab

चंडीगढ़: पंजाब में एक बार फिर पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) सक्रिय हो गया है, जिसके कारण राज्य के कई हिस्सों में मौसम ने करवट ली है। मंगलवार सुबह से ही लुधियाना, मानसा और फरीदकोट समेत कई जिलों में बारिश का सिलसिला जारी है। वहीं, रूपनगर और पटियाला के कुछ इलाकों में भारी ओलावृष्टि की भी सूचना मिली है।

तेज हवाओं और ओलावृष्टि का अलर्ट

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, आज दिनभर रुक-रुक कर बारिश जारी रह सकती है। इस दौरान 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। विभाग ने कई क्षेत्रों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए बिजली गिरने और ओले पड़ने की चेतावनी दी है।

इन क्षेत्रों में ‘भारी चेतावनी’ (तेज हवाएं और ओले)

संगरूर, पटियाला, लुधियाना ईस्ट, मानसा, फतेहगढ़ साहिब, मोहाली, राजपुरा, बरनाला, मलेरकोटला, रूपनगर और डेराबस्सी जैसे इलाकों में मध्यम से भारी गरज के साथ बारिश, बिजली चमकने और ओले गिरने का अनुमान है। यहाँ हवा की गति 50-60 किमी प्रति घंटा रह सकती है।

इन जिलों में भी दिखेगा असर (बारिश और बिजली)

बठिंडा, चंडीगढ़, जालंधर, अमृतसर (बाबा बकाला), मोगा, फिरोजपुर, कपूरथला, होशियारपुर, गुरदासपुर और नवांशहर समेत पंजाब के लगभग सभी प्रमुख शहरों में बारिश के साथ ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है।

सावधानी बरतने की सलाह

मौसम विभाग ने खराब मौसम को देखते हुए लोगों को खुले स्थानों पर जाने से बचने और पेड़ों के नीचे शरण न लेने की सलाह दी है। ओलावृष्टि से फसलों को भी नुकसान पहुँचने की आशंका जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *