Sports Desk: टी20 विश्व कप 2026 के पहले सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड ने न केवल जीत दर्ज की, बल्कि इतिहास भी रच दिया। इस रोमांचक मुकाबले में फिन एलन ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ तूफानी शतक जड़कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया। नॉकआउट मैचों के भारी दबाव में ऐसी पारियां विरले ही देखने को मिलती हैं।
1. फिन एलन (न्यूजीलैंड) – 100 रन (2026)*
न्यूजीलैंड के सलामी बल्लेबाज फिन एलन अब टी20 विश्व कप सेमीफाइनल में शतक लगाने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन गए हैं। 2026 के पहले सेमीफाइनल में उन्होंने साउथ अफ्रीका के गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाते हुए मात्र 33 गेंदों में नाबाद 100 रन ठोक दिए। उनकी इस ऐतिहासिक पारी में 10 चौके और 8 गगनचुंबी छक्के शामिल रहे।
2. तिलकरत्ने दिलशान (श्रीलंका) – 96 रन (2009)*
फिन एलन से पहले यह रिकॉर्ड श्रीलंका के दिग्गज तिलकरत्ने दिलशान के नाम था। 2009 के विश्व कप में वेस्टइंडीज के खिलाफ दिलशान ने ओवल के मैदान पर 57 गेंदों में 96 रनों की नाबाद पारी खेली थी। उनकी इस पारी ने श्रीलंका को फाइनल का टिकट दिलाया था।
3. विराट कोहली (भारत) – 89 रन (2016)*
भारत के ‘रन मशीन’ विराट कोहली ने 2016 के सेमीफाइनल में वेस्टइंडीज के खिलाफ वानखेड़े स्टेडियम में अपनी मास्टरक्लास दिखाई थी। उन्होंने महज 47 गेंदों पर नाबाद 89 रन बनाए थे। हालांकि, कोहली की इस शानदार पारी के बावजूद टीम इंडिया वह मुकाबला हार गई थी।
4. एलेक्स हेल्स (इंग्लैंड) – 86 रन (2022)*
2022 के सेमीफाइनल की वह हार भारतीय फैंस शायद ही भूल पाएं। एडिलेड ओवल में इंग्लैंड के एलेक्स हेल्स ने भारतीय गेंदबाजों पर कहर बरपाते हुए 47 गेंदों में नाबाद 86 रन बनाए थे। उनकी इस पारी की बदौलत इंग्लैंड ने 10 विकेट से जीत दर्ज कर फाइनल में प्रवेश किया था।
5. लिंडल सिमंस (वेस्टइंडीज) – 82 रन (2016)*
2016 के उसी ऐतिहासिक सेमीफाइनल में जहाँ कोहली ने 89 रन बनाए थे, वेस्टइंडीज के लिंडल सिमंस ने भारत के जबड़े से जीत छीन ली थी। सिमंस ने 82 रनों की नाबाद पारी खेलकर 193 रनों के विशाल लक्ष्य को सफलतापूर्वक हासिल करने में अपनी टीम की मदद की थी।
