Sports Desk: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के रोमांचक मुकाबले में मुंबई इंडियंस ने कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाफ ऐतिहासिक जीत दर्ज की। 221 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए मुंबई ने 5 गेंद शेष रहते 6 विकेट से मुकाबला अपने नाम कर लिया। हालांकि, केकेआर की इस हार के बाद सबसे बड़ा सवाल टीम की गेंदबाजी रणनीति और दुनिया के महंगे खिलाड़ियों में से एक, कैमरून ग्रीन के इस्तेमाल पर खड़ा हो गया है।
कैमरून ग्रीन को गेंदबाजी न मिलने पर सस्पेंस
केकेआर ने कैमरून ग्रीन को 25.20 करोड़ रुपये की भारी-भरकम राशि में खरीदा है। एक बेहतरीन बैटिंग ऑलराउंडर होने के नाते ग्रीन के पास आईपीएल और अंतरराष्ट्रीय टी20 का अच्छा अनुभव है, फिर भी मुंबई के बल्लेबाजों के सामने उन्हें एक ओवर भी गेंदबाजी नहीं दी गई। मैच के दौरान कमेंटेटर्स और फैंस इस फैसले से हैरान थे।
कप्तान अजिंक्य रहाणे का चौंकाने वाला जवाब
मैच के बाद जब कप्तान अजिंक्य रहाणे से ग्रीन को गेंदबाजी न देने का कारण पूछा गया, तो उन्होंने गेंद क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (CA) के पाले में डाल दी। रहाणे ने कहा, “यह सवाल आपको क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया से पूछना चाहिए।” उनके इस बयान से यह संकेत मिल रहे हैं कि शायद ऑस्ट्रेलियाई बोर्ड ने वर्कलोड मैनेजमेंट या किसी फिटनेस संबंधी शर्त के कारण ग्रीन को अभी गेंदबाजी करने की अनुमति नहीं दी है।
रहाणे की फिटनेस और हार पर प्रतिक्रिया
मैच के दौरान अजिंक्य रहाणे खुद भी मुश्किल में नजर आए। उन्हें गंभीर क्रैम्प्स (मांसपेशियों में खिंचाव) की समस्या हुई, जिसके कारण उन्हें मैदान छोड़ना पड़ा और बाकी मैच में रिंकू सिंह ने कप्तानी की कमान संभाली। अपनी चोट पर अपडेट देते हुए रहाणे ने उम्मीद जताई कि वह जल्द ठीक हो जाएंगे। हार को स्वीकार करते हुए उन्होंने कहा कि उनके गेंदबाजों के पास अनुभव की कमी थी और मुंबई इंडियंस ने बेहतरीन बल्लेबाजी की, जिससे उनकी युवा गेंदबाजी यूनिट को काफी कुछ सीखने को मिला।