SPORTS DESK : इंग्लैंड के खिलाफ आगामी वनडे सीरीज और ज़िम्बाब्वे दौरे से पहले भारतीय टीम को बड़ा झटका लगा है। तेज़ गेंदबाज़ हर्षित राणा और लेग स्पिनर वरुण चक्रवर्ती चोट के कारण आगामी व्हाइट-बॉल मुकाबलों से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह प्रिंस यादव और रवि बिश्नोई को टीम में शामिल किया गया है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के अनुसार, हर्षित राणा को इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे टी20 मैच के दौरान दाहिनी हैमस्ट्रिंग (Right Hamstring) में ग्रेड-1 चोट लगी थी। स्कैन के बाद उन्हें इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज से बाहर कर दिया गया है। अब वह आगे के इलाज और पुनर्वास के लिए बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (COE) में रिपोर्ट करेंगे।
वहीं वरुण चक्रवर्ती को उसी मुकाबले के दौरान बाईं हैमस्ट्रिंग (Left Hamstring) में तकलीफ हुई। एमआरआई स्कैन में ग्रेड-2 हैमस्ट्रिंग इंजरी की पुष्टि हुई, जिसके बाद मेडिकल विशेषज्ञों ने उन्हें ज़िम्बाब्वे के खिलाफ टी20 सीरीज से बाहर रहने की सलाह दी है। वह भी आगे के इलाज के लिए बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में रहेंगे। इन दोनों खिलाड़ियों की अनुपस्थिति में प्रिंस यादव को इंग्लैंड के खिलाफ वनडे टीम में शामिल किया गया है। इसके अलावा वह ज़िम्बाब्वे दौरे के लिए पहले से ही टी20 टीम का हिस्सा हैं। वहीं अनुभवी लेग स्पिनर रवि बिश्नोई को वरुण चक्रवर्ती के स्थान पर ज़िम्बाब्वे टी20 सीरीज के लिए टीम में जगह मिली है। गौरतलब है कि भारत हाल ही में इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज 4-0 से हार गया था। ऐसे में वनडे सीरीज में टीम बेहतर प्रदर्शन कर वापसी करना चाहेगी। दूसरी ओर, ज़िम्बाब्वे दौरे पर युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अच्छा मौका मिलेगा।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad

