अमृतसर। अपनी अनूठी कला के जरिए सिख इतिहास और विरासत को देश-विदेश में पहचान दिलाने वाले अमृतसर के पेपर आर्टिस्ट गुरप्रीत सिंह ने एक और विशेष उपलब्धि हासिल की है। इस बार उन्होंने अमेरिका के न्यूयॉर्क में श्री ननकाना साहिब का करीब 14 फीट ऊंचा भव्य मॉडल तैयार किया है। यह मॉडल 14 नवंबर को श्री गुरु नानक देव जी महाराज के पावन प्रकाश पर्व को समर्पित नगर कीर्तन के दौरान संगत के दर्शन के लिए पेश किया जाएगा और आकर्षण का मुख्य केंद्र बनेगा।
यह विशेष पहल गुरुद्वारा संत सागर की समस्त संगत के सहयोग से की जा रही है। गुरुद्वारा साहिब के सम्माननीय बाबा सज्जन सिंह जी के आदेशों के अनुसार गुरप्रीत सिंह ने इस मॉडल को बेहद बारीकी और मेहनत से तैयार किया है।
नई पीढ़ी को सिख इतिहास से जोड़ने का प्रयास
इस नगर कीर्तन के दौरान श्री ननकाना साहिब के इतिहास को भी विशेष रूप से दर्शाया जाएगा, ताकि विदेशों में रहने वाली नई पीढ़ी और बच्चे सिख धर्म की विरासत तथा गुरु साहिबान के इतिहास से जुड़ सकें।
गुरप्रीत सिंह ने बताया कि उनका उद्देश्य अपनी कला के माध्यम से सिख कौम की सेवा करना और गुरु घर के इतिहास को दुनिया के अलग-अलग देशों तक पहुंचाना है।
17 वर्ल्ड रिकॉर्ड और 7 नेशनल रिकॉर्ड कर चुके हैं अपने नाम
अपनी कला के क्षेत्र में मिली उपलब्धियों के बारे में जानकारी देते हुए गुरप्रीत सिंह ने बताया कि अब तक उन्हें 17 वर्ल्ड रिकॉर्ड और 7 नेशनल रिकॉर्ड मिल चुके हैं। इसके अलावा अमेरिका के न्यू जर्सी की सरकार की ओर से उन्हें स्टेट स्तर पर सम्मानित किया जा चुका है।
उन्होंने बताया कि कनाडा में जस्टिन ट्रूडो के प्रधानमंत्री कार्यकाल के दौरान भी उन्हें सम्मान मिला था। इसके अलावा ऑस्ट्रेलिया की संसद में भी उनकी कला के लिए सम्मानित किया गया। सिंगापुर और मलेशिया सहित कई अन्य देशों में भी अलग-अलग संस्थाओं और मंत्रालयों की ओर से उन्हें सम्मान मिल चुका है।
गुरु साहिब की बख्शिश को मानते हैं अपनी सफलता का आधार
गुरप्रीत सिंह ने अपनी सभी उपलब्धियों का श्रेय गुरु रामदास जी और श्री गुरु नानक देव जी महाराज की बख्शिश को दिया। उन्होंने कहा कि गुरु साहिब ने उन्हें अपनी कला के माध्यम से कौम और गुरु घर की सेवा करने का अवसर दिया है, जिसे वह अपने जीवन का सौभाग्य मानते हैं। उन्होंने कहा कि वह अपने अंतिम सांस तक इसी तरह गुरु घर की सेवा करते रहना चाहते हैं।
अंत में उन्होंने देश-विदेश में रहने वाली समस्त सिख संगत से अपील की कि धार्मिक कार्यक्रमों और नगर कीर्तनों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से जहां संगत को गुरबाणी और गुरु इतिहास से जुड़ने का अवसर मिलता है, वहीं बच्चों को भी अपनी धार्मिक विरासत और इतिहास के बारे में जानने का मौका मिलता है।


