जालंधर आप नेता हत्या मामले में CCTV खंगाल रही पुलिस..!!

Punjab

Punjab Desk: जालंधर के मॉडल टाउन स्थित गुरुद्वारा साहिब के बाहर आज दिनदहाड़े एक सनसनीखेज वारदात हुई, जिसमें आम आदमी पार्टी के नेता लक्की ओबेरॉय की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह हमला उस समय हुआ जब वह गुरुद्वारा साहिब में मत्था टेकने पहुंचे थे। घात लगाए बैठे अज्ञात हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी, जिससे उन्हें पांच गोलियां लगीं। लक्की ओबेरॉय को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस अचानक हुई गोलीबारी से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीमें मौके पर पहुंच गईं और जांच शुरू कर दी। जालंधर के एडिशनल डीसीपी हरिंदर सिंह गिल ने बताया कि शुरुआती जांच के अनुसार दो आरोपी मौके पर आए थे, जिनमें से एक ने कई राउंड फायरिंग की। फिलहाल हत्या के पीछे के असल कारणों का पता नहीं चल पाया है, लेकिन पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।

राजनीतिक पृष्ठभूमि की बात करें तो लक्की ओबेरॉय आम आदमी पार्टी के सक्रिय नेता थे और उन्हें कैंट हल्का इंचार्ज राजविंदर कौर थियाडा का बेहद करीबी माना जाता था। उनकी पत्नी ने भी पार्टी के टिकट पर नगर निगम चुनाव लड़ा था, हालांकि उन्हें उसमें सफलता नहीं मिली थी। पुलिस इस मामले को पुरानी रंजिश और अन्य सभी संभावित कोणों से जोड़कर देख रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *