जालंधर: पंजाब के फिल्लौर में सतलुज दरिया के किनारे छठ पूजा के मेले के दौरान पटाखे चलाने से अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोग इधर – उधर भागने लगे।
जानकारी के मुताबिक, सतलुज दरिया के किनारे बसे गुज्जर समुदाय के लोगों ने पशुओं के चारे के लिए पराली इकट्ठा करके रखी हुई थी। इसी दौरान छठ पूजा के लिए पहुंचे कुछ लोगों द्वारा पटाखे चलाए जा रहे थे। बताया जा रहा है कि एक पटाखे की चिंगारी पराली पर जा गिरी, जिससे उसमें आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके के लिए रवाना हुई, लेकिन रास्ते में भारी जाम होने के कारण टीम को पहुंचने में देरी हुई। मौके पर पहुंचने के बाद दमकल कर्मियों को भी आग पर काबू पाने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी।
आग लगने से पराली को नुकसान पहुंचा है। खबर लिखे जाने तक आग की लपटें उठ रही थीं और दमकल विभाग की टीम आग बुझाने में जुटी हुई थी।


