Punjab Desk: आम आदमी पार्टी ने पंजाब में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी दूसरी उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। इस सूची में संगरूर से AAP सांसद और पूर्व कैबिनेट मंत्री गुरमीत सिंह मीत हेयर को बरनाला विधानसभा सीट से पार्टी का उम्मीदवार घोषित किया गया है। टिकट मिलने के बाद बरनाला में पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों के बीच खुशी की लहर दौड़ गई। कार्यकर्ताओं ने मीत हेयर का मुंह मीठा करवाकर अपनी खुशी जाहिर की।
इस दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए गुरमीत सिंह मीत हेयर ने पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और पार्टी की पूरी लीडरशिप का आभार जताया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने उन पर भरोसा जताते हुए बरनाला विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की जिम्मेदारी सौंपी है। इसके लिए वह पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं के आभारी हैं।
विकास कार्यों के दम पर दोबारा सरकार बनाने का दावा
मीत हेयर ने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी पंजाब में दूसरी बार बड़ी और एकतरफा जीत हासिल करेगी। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार ने पिछले कार्यकाल में बिजली, किसानों, व्यापारियों, मजदूरों, नहर के पानी, महिलाओं के सम्मान, स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में कई काम किए हैं। सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों के दम पर पार्टी एक बार फिर जनता का विश्वास जीतने में सफल होगी।
उन्होंने अपने खेल मंत्री के कार्यकाल का जिक्र करते हुए कहा कि पंजाब के युवाओं को खेलों में आगे बढ़ाने के लिए करोड़ों रुपये की ग्रांट जारी की गई। खेल सुविधाओं और स्टेडियमों के विकास के जरिए प्रदेश के खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के अवसर मिले हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब के युवा आज खेलों के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रहे हैं।
कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत, जीत दिलाने का लिया संकल्प
टिकट की घोषणा के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने मीत हेयर का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने उनका मुंह मीठा करवाया और उनके समर्थन में नारे लगाए। पार्टी नेताओं और वर्करों ने भरोसा दिलाया कि बरनाला विधानसभा सीट पर उन्हें जीत दिलाने के लिए पूरी ताकत के साथ चुनाव प्रचार किया जाएगा।
इस मौके पर इम्प्रूवमेंट ट्रस्ट बरनाला के चेयरमैन राम तीरथ मन्ना, रजनीश कुमार, विक्रम सिंह सहित कई पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।


