हरियाणा में गर्मी का प्रचंड टॉर्चर: आज ऑरेंज अलर्ट जारी, रोहतक सबसे गर्म

Haryana

Haryana Desk: हरियाणा में गर्मी और लू का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। पिछले कुछ दिनों से प्रदेश के कई जिलों में भीषण लू का असर देखा जा रहा है और फिलहाल इससे राहत मिलने के कोई आसार नहीं हैं। मौसम विभाग ने आज भी पूरे प्रदेश के लिए हीटवेव का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, राज्य में अधिकतम तापमान सामान्य से 4.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.6 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया है।

पूरे प्रदेश में मौसम पूरी तरह शुष्क बना हुआ है और कहीं भी बारिश दर्ज नहीं की गई है। राज्य के प्रमुख शहरों के तापमान की बात करें तो रोहतक में सबसे अधिक 46.9 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया, जिसने पूरे प्रदेश में सबसे ज्यादा गर्मी का रिकॉर्ड बनाया। इसके अलावा सिरसा में 46.2 डिग्री, भिवानी में 46.0 डिग्री, अंबाला में 45.8 डिग्री, नारनौल में 45.6 डिग्री और हिसार में 45.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

लगातार बढ़ रहे पारे और भीषण गर्मी को देखते हुए मौसम विशेषज्ञों ने लोगों के लिए एडवायजरी जारी की है। लोगों को सलाह दी गई है कि बहुत जरूरी काम न होने पर दोपहर के समय धूप में घर से बाहर न निकलें। शरीर में पानी की कमी न होने दें और लगातार पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें। इसके साथ ही इस जानलेवा गर्मी में बच्चों और बुजुर्गों की सेहत का विशेष ध्यान रखने की अपील की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *