अमृतसर: पंजाब के अमृतसर स्थित विश्व प्रसिद्ध स्वर्ण मंदिर (गोल्डन टेंपल) से एक बेहद दिलचस्प और मर्यादा से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो 4 जुलाई का बताया जा रहा है, जिसमें निक्कर (हाफ पैंट) पहनकर गुरुद्वारा साहिब के अंदर माथा टेकने जा रहे एक विदेशी जोड़े को प्रवेश द्वार पर ही एक सिख युवक ने रोक लिया। युवक ने बेहद शालीनता से विदेशी पर्यटकों को गुरुघर की मर्यादा और नियमों के बारे में समझाया, जिसे समझने के बाद विदेशी महिला ने अपनी सहमति जताई।
सभी के लिए एक समान हैं नियम
संवाद के दौरान जब विदेशी महिला ने पूछा कि क्या यह नियम उसके साथी पर भी लागू होता है, तो सिख युवक ने स्पष्ट किया कि गुरुघर के नियम सभी श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए एक समान हैं, चाहे वे किसी भी देश, जाति या धर्म के क्यों न हों। युवक ने दोनों को पास के बाजार से पूरे कपड़े या ट्राउजर खरीदने की सलाह दी, जिसे विदेशी जोड़े ने सहर्ष स्वीकार कर लिया।
प्रवेश द्वार पर लगे हैं सूचना बोर्ड
गोल्डन टेंपल के प्रबंधन द्वारा गुरुद्वारा साहिब की पवित्रता और मर्यादा बनाए रखने के लिए मुख्य द्वारों पर विशेष सूचना बोर्ड लगाए गए हैं। इन बोर्ड्स पर स्पष्ट अक्षरों में लिखा गया है कि:
-
कैप (टोपी), शॉर्ट पैंट (निक्कर), केप्री, मोजे और मिनी स्कर्ट पहनकर अंदर जाने की अनुमति नहीं है।
-
सभी श्रद्धालुओं और पर्यटकों से अपील की गई है कि वे अपने पैर पूरी तरह ढकने वाले कपड़े पहनकर आएं और गुरुद्वारा साहिब में प्रवेश करने से पहले अपना सिर अवश्य ढकें।



