अंबाला: अंबाला में ‘इंडियन मेडिकल एसोसिएशन’ (IMA) द्वारा आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा शामिल हुए. इस दौरान मुख्यमंत्री ने चिकित्सा जगत के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि डॉक्टर समाज में भगवान का रूप होते हैं और हमारे शास्त्रों में भी वैद्यों को ‘नारायण हरि’ का दर्जा दिया गया है, क्योंकि वे ही मरीज के चेहरे पर मुस्कान लौटाते हैं.
इस गरिमामयी कार्यक्रम में हरियाणा के ऊर्जा मंत्री अनिल विज और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं.
हरियाणा में स्वास्थ्य क्षेत्र का कायाकल्प: हर साल मिल रहे 2500+ डॉक्टर
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने देश और प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं के आधुनिकीकरण और विकास का पूरा ब्योरा साझा किया:
-
मेडिकल कॉलेजों की झड़ी: पिछले 12 वर्षों के भीतर हरियाणा में 17 नए मेडिकल कॉलेज खोले गए हैं और कई अन्य पर काम जारी है. सरकार का लक्ष्य हर जिले में एक मेडिकल कॉलेज स्थापित करना है.
-
डॉक्टरों की संख्या में रिकॉर्ड बढ़ोतरी: साल 2014 से पहले प्रदेश को हर साल महज 700 नए डॉक्टर मिलते थे, जबकि आज यह संख्या बढ़कर सालाना 2,500 से अधिक हो चुकी है.
-
आयुष्मान भारत का लाभ: ‘आयुष्मान भारत योजना’ के माध्यम से राज्य के लाखों गरीब और जरूरतमंद लोगों तक मुफ्त और विश्वस्तरीय इलाज पहुंच रहा है.
देशभर में बन रहे 23 नए एम्स, हरियाणा के हिस्से आए दो: जेपी नड्डा
केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने डॉक्टरों से सीधा संवाद करते हुए केंद्र सरकार की उपलब्धियां गिनाईं:
-
आयुष्मान आरोग्य मंदिर: देश के कोने-कोने में लगभग 1.85 लाख आयुष्मान आरोग्य मंदिर स्थापित किए जा चुके हैं, जहां आम जनता के स्वास्थ्य की नियमित जांच हो रही है.
-
एम्स की सौगात: केंद्रीय मंत्री ने बताया कि देश में 23 नए अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) खोले जा रहे हैं, जिनमें से अकेले हरियाणा को 2 एम्स मेडिकल कॉलेज मिले हैं.
-
डॉक्टरों को सलाह: जेपी नड्डा ने डॉक्टरों से चिकित्सा के उच्च मानदंड तय करने की अपील की. साथ ही उन्होंने आधुनिक चिकित्सा के साथ-साथ टेलीमेडिसिन और आयुर्वेद को भी बढ़ावा देने पर जोर दिया.
IMA ने सौंपा मांग पत्र
कार्यक्रम के अंत में आईएमए (IMA) एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को डॉक्टरों की विभिन्न समस्याओं और मांगों से जुड़ा एक ज्ञापन (मांग पत्र) सौंपा.
ये रहे उपस्थित: इस बड़े आयोजन में विधायक सतपाल जांबा, उपायुक्त अजय सिंह तोमर, पुलिस अधीक्षक अजीत सिंह शेखावत समेत आईएमए के प्रधान डॉ. सतपाल बहल, डॉ. संजय अग्रवाल, डॉ. कोहली और भारी संख्या में चिकित्सा जगत से जुड़े गणमान्य लोग मौजूद रहे.



