ENTERTAINMENT DESK : साउथ सुपरस्टार थलापति विजय की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘जना नायकन’ (Jana Nayagan) अब रिलीज के लिए पूरी तरह तैयार है। फिल्म को सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (CBFC) से आधिकारिक प्रमाणपत्र मिल गया है। इसके साथ ही फिल्म के 24 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज होने की संभावना और मजबूत हो गई है। रिपोर्ट के अनुसार, फिल्म को सेंसर बोर्ड से UA 13+ सर्टिफिकेट मिला है। मेकर्स जल्द ही इसकी आधिकारिक रिलीज डेट की पुष्टि कर सकते हैं। लंबे समय से इस फिल्म का इंतजार कर रहे विजय के फैंस के लिए यह बड़ी खुशखबरी मानी जा रही है।
‘जना नायकन’ को विजय के करियर की सबसे अहम फिल्मों में गिना जा रहा है। माना जा रहा है कि यह अभिनेता की राजनीति में सक्रिय प्रवेश से पहले आखिरी फिल्म हो सकती है। यही वजह है कि फिल्म को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। फिल्म का निर्देशन एच. विनोथ (H. Vinoth) ने किया है। इसमें विजय के साथ पूजा हेगड़े, बॉबी देओल, ममता बैजू, गौतम वासुदेव मेनन, प्रकाश राज और कई अन्य कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म का संगीत अनिरुद्ध रविचंदर ने तैयार किया है, जिनके गानों और बैकग्राउंड स्कोर को लेकर पहले से ही काफी चर्चा है।
मेकर्स ने फिल्म की कहानी को लेकर ज्यादा जानकारी साझा नहीं की है, लेकिन माना जा रहा है कि इसमें एक्शन, इमोशन और सामाजिक संदेश का दमदार मिश्रण देखने को मिलेगा। फिल्म के टीज़र और पोस्टर्स को भी दर्शकों का शानदार रिस्पॉन्स मिला है। ट्रेड एक्सपर्ट्स का मानना है कि ‘जना नायकन’ इस साल की सबसे बड़ी तमिल फिल्मों में शामिल हो सकती है। विजय की लोकप्रियता और फिल्म को लेकर बने माहौल को देखते हुए इसके बॉक्स ऑफिस पर शानदार शुरुआत करने की उम्मीद जताई जा रही है।



